रांची लाइट हाउस प्रोजेक्ट के बिल्डिंग का एक हिस्सा टूटकर गिरा, कोई हताहत नहीं

रांची के जगन्नाथपुर स्थित लाइट हाउस प्रोजेक्ट का एक हिस्सा टूटकर गिरा। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन इसके निर्माण में गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।

रांची लाइट हाउस प्रोजेक्ट के बिल्डिंग का एक हिस्सा टूटकर गिरा, कोई हताहत नहीं

रांची

राजधानी रांची के जगन्नाथपुर में गरीबों के लिए बन रहे आवासीय कॉलोनी का निर्माणाधीन लाइट हाउस प्रोजेक्ट में देर रात हड़कंप मच गया। लाइट हाउस के एक 8 मंजिला भवन का हिस्सा भरभराकर गिर गया। हलांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन आवाज इतनी जोरदार थी कि पूरा इलाका थर्रा गया। सुबह पूरे इलाके को बंद कर दिया गया और लोगों को वहां जाने की इजाजत नहीं दी जा रही है। टूटे हुए हिस्से को कपड़े से छुपा दिया गया है। निर्माण का कार्य दिन रात चलता रहता है। स्थानीय लोगों ने इसके निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाये हैं। इस प्रोजेक्ट का ठेका मेसर्स मैजिक्रीट एलएलपी को दिया गया है, जो 1008 प्लैट का निर्माण कर रही है। 

2021 में हुआ था शिलन्यास

झारखंड लाइट हाउस प्रोजेक्ट का शुभारंभ पीएम नरेन्द्र मोदी के हाथों 1 जनवरी 2021 को किया गया था। आर्थिक रूप से कमजोर भूमिहीन परिवारों को घर देने के उद्देश्य से यह परियोजना लायी गयी है। दावा किया गया था कि यह यह लाइट हाउस मजबूत पक्का मकान होगा और भूकंपरोधी होगी। लाइट हाउस प्रोजेक्ट देश के 5 अन्य शहर इंदौर, चेन्नई, राजकोट, अगरतल्ला और लखनऊ में भी चल रहा है।