LOKSABHA ELECTION 2024 - 6 ठे चरण के लिए मतदान कर्मी रवाना, झारखंड के 4 लोकसभा सीट पर 93 प्रत्याशी 

LOKSABHA ELECTION 2024 - 6 ठे चरण के लिए मतदान कर्मी रवाना, झारखंड के 4 लोकसभा सीट पर 93 प्रत्याशी 

रांची

देश के छठे और राज्य के तीसरे चरण के लिए मतदान कर्मी आज रवाना हो गये हैं। 25 मई को छठे चरण में देशभर के 58 सीटों पर मतदान होने हैं, जिसमें झारखंड की चार सीटें धनबाद, गिरिडीह, रांची और जमशेदपुर शामिल हैं। रांची लोकसभा के लिए पोलिंग पार्टियों को मोरहाबादी मैदान और बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम से रवाना किया गया।  इस चरण में रांची से सबसे अधिक 27 उम्मीदवार हैं, जबकि धनबाद में 25, जमशेदपुर में 25 और गिरिडीह में 16 उम्मीदवार हैं। कुल 93 प्रत्याशियों के लिए 82 लाख 6 हजार 926 मतदाता सहित 290 थर्ड जेंडर मतदाता भी अपने मतों का प्रयोग करेंगे।

सारे सीटों पर एनडीए का है कब्जा

इस बार का चुनाव मोदी बनाम राहुल गांधी है, लेकिन चर्चे में सबसे ज्यादा पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हैं, जो जेल में हैं। हालांकि पिछले लोकसभा चुनाव 2019 में चारों सीटों पर एनडीए ने जीत दर्ज करायी थी, जिसमें तीन पर भाजपा और एक सीट गिरिडीह पर गठबंध दल आजसू पार्टी के प्रत्याशी चंद्रप्रकाश चौधरी जीते थे। इस बार इन सीटों पर इंडी गठबंधन के उम्मीदवार भी कड़े टक्कर दे रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पाना सोरेन ने इन सीटों पर जमकर प्रचार किये और उनका साथ देने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रियंका गांधी भी झारखंड आयी थी। 

गिरिडीह से जेबीकेएसएस प्रत्याशी उभरे

छात्र नेता से राजनीति में आये जयराम महतो गिरिडीह में त्रिकोण बनाते दिख रहे हैं। उन्होंने अपनी नवगठित पार्टी झारखंडी भाषा खतियानी संघर्ष समिति के बैनर तले आधे दर्जन से अधिक सीटों पर उम्मीदवार दिये, लेकिन खुद गिरिडीह लोकसभा सीट से लड़ रहे हैं। उनके साथ बहुसंख्यक कुर्मी वोटर खड़े हैं, खासकर युवा उनके साथ दिख रहे। वो ना केवल आजूस पार्टी के प्रत्याशी को बल्कि इंडी गठबंधन के उम्मीदवार को भी खासे नुकसान पहुंचा सकते हैं।