जानिये क्यों मिलें हेमंत सोरेन से अरविंद केजरीवाल और भगवत मान

रांची में शुक्रवार को दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल व पंजाब के सीएम भगवत मान हेमंत सोरेन से मिले।

जानिये क्यों मिलें हेमंत सोरेन से अरविंद केजरीवाल और भगवत मान
रांची में हेमंत सोरेन-अरविंद केजरीवाल-भगवत मान की मुलाकात


रांची

राजधानी रांची स्थिति मुख्यमंत्री आवास में आज एक खास मुलाकात और बात हुई, फिर एक मंच पर तीन-तीन मुख्यमंत्री मीडिया के सामने थे। दिल्ली के मुख्यमंत्री दिल्ली सरकार के खिलाफ लाये गये अध्यादेश पर समर्थन मांगने रांची आये हुए थे। शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवत मान झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर रहे थे। हालांकि अरविंद केजरीवाल और भगवत मान एक दिन पहले गुरूवार को ही रात 9.30 बजे रांची पहुंच चुके थे, लेकिन तीनों नेताओँ की मुलाकात शुक्रवार को दोपहर 12.30 बजे के करीब हुई। लगभग एक दो घंटे की मुलाकात के बाद तीनों नेताओं ने संयुक्त रूप से प्रेस को संबोधित किया। सबसे पहले अरविंद केजरीवाल ने हेमंत सोरेन का धन्यवाद किया और कहा कि बड़े ही गर्मजोशी से उनका स्वागत किया गया। हेमंत सोरेन के साथ भाई जैसा रिश्ता है। 

दिल्ली की जनता के साथ अन्याय हुआ है - केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली की जनता के साथ अन्याय हुआ है, उनके हक छीन लिये गये हैं। सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली सरकार को शक्तियां प्रदान की, लेकिन 19 मई को एक अध्यादेश लाकर इस फैसले को पलट दिया गया। यह दिल्ली की जनता का अपमान हुआ है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में एनडीए को बहुमत है, लेकिन राज्यसभा में सभी गैर भाजपा सदस्यों को एकजुट कर लिया जाये तो इसे खारिज कराया जा सकता है। इसपर हेमंत सोरेन से लंबी बातचीत हुई है और उन्होंने पूरा भरोसा दिया है।

संघीय ढांचे पर प्रहार - हेमंत सोरेन

हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्यों की चुनी हुई सरकार को जिस तरह से अधिकार विहीन करने की साजिश की जा रही है, यह देश में नयी परंपरा की शुरूआत है और देश के संघीय ढांचे के विपरीत है। देश की आजादी में कई लोगों ने बलिदान दिये, यह हमारे पूर्वजों का अपमान है। वो इस विषय को अपने पार्टी के अंदर चर्चा करेंगे और गुरूजी की राय लेंगे।  

बीजेपी लोकतंत्र की हत्या कर रही - भगवत मान

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवत मान ने कहा कि यह देश को बचाने की मुहीम है। पिछले दिनों हमारे पहलवान अपने जीते हुए मेडल गंगा में बहाने हरिद्वार गये थे, अगर इस पर कोई समाधान नहीं निकला तो अगली बार वे अपनी अस्थियां बहाने जायेंगे। 

विपक्षी एकता पर चुप्पी

मीडिया के सवालों का बहुत संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाये दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल। मीडिया ने सवाल किये कि विपक्षी एकजुटता को लेकर पटना में 12 मई को बैठक बुलायी गयी है, क्या वो बैठक में शामिल होंगे। इसपर तीनों नेताओँ ने चुप्पी साध ली और प्रेस कांफ्रेंस में धन्यवाद बोलकर चले गये। हालांकि कुछ हफ्ते पूर्व ही नीतिश कुमार और हेमंत सोरेन की मुलाकात रांची में हुई थी, लेकिन उस मुलाकात में भी विपक्षी एकता पर हेमंत सोरेन ने खुलकर कुछ नहीं कहा था।