टाटा दानापुर ट्रेन के बक्सर तक जाने की उम्मीद बढ़ी।   पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने  की पहल , रेल मंत्री ने अधिकारियों को दिया निर्देश

टाटा दानापुर ट्रेन के बक्सर तक जाने की उम्मीद बढ़ी।   पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने  की पहल , रेल मंत्री ने अधिकारियों को दिया निर्देश


नई दिल्ली/रांची : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास मंगलवार को  नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समेत विभिन्न विभागीय मंत्रियों से मुलाकात किए। 
 उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से मिलकर झारखंड में रेल सेवा बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने टाटा-दानापुर एक्सप्रेस को बक्सर तक चलाने का आग्रह किया। इस पर रेल मंत्री ने अधिकारियों को जल्द कार्रवाई का निर्देश दिया।  साथ ही रांची से जमशेदपुर भाया कांड्रा होकर नई रेल लाइन के निर्माण के लिए डीपीआर बनाने का निर्देश भी अधिकारियों को दिया। इनके साथ ही पूर्वा एक्सप्रेस को रामपुरहाट-दुमका-जसीडीह मार्ग से चलने, दुमका से नई दिल्ली के लिए नई ट्रेन, गोड्डा-नई दिल्ली हमसफर एक्सप्रेस का दुमका तक विस्तार, विक्रमशिला एक्सप्रेस को दुमका से चालू करने तथा दुमका-जामताड़ा नई रेल लाइन की मंजूरी का आग्रह किया। रेल मंत्री  ने जल्द निर्णय का भरोसा दिलाया।
  उन्होंने राष्ट्रपति से भी मुलाकात की। इस दौरान झारखंड में बढ़ते भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून व्यवस्था की ओर राष्ट्रपति का ध्यान आकृष्ट कराया।  उन्होंने आरोप लगाया कि  राज्य में महिलाओं और आदिवासियों पर अत्याचार बढ़ गया है।  कानून व्यवस्था की स्थिति दिन प्रतिदिन खराब होती जा रही है।  राज्य में बेटियां खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। हर तरफ अराजकता की स्थिति बनी हुई है। 
श्री दास केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से भी मिलें।  उन्होंने श्री सिंधिया से अनुरोध करते हुए कहा कि धालभूमगढ़ में बनने वाले एयरपोर्ट के लिए वन विभाग की आपत्तियों और अड़चनों को दूर कर लिया गया है। कुछ कानूनी अड़चनें  शेष रह गई है।  उसे दूर कर जल्द से जल्द एयरपोर्ट निर्माण का कार्य शुरू कराएं। इस पर श्री सिंधिया ने सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया। 
केंद्रीय बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर से भी  मुलाकात कर साहिबगंज में तैयार मल्टीमॉडल हब के दूसरे चरण का कार्य शीघ्रता से शुरू करने का आग्रह किया। इस पर केंद्रीय राज्य मंत्री ने यथाशीघ्र कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। श्री दास ने कहा कि इन कार्यों से संथाल समेत पूरे राज्य में विकास के द्वार खुलेंगे। राज्य का आर्थिक विकास तेज होगा और बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार प्राप्त होगा। मंत्रियों से मुलाकातों के दौरान दुमका के सांसद  सुनील सोरेन भी उनके साथ उपस्थित थे।