Ranchi Band: सरना झंडा अपमान पर आदिवासी संगठनों का रांची बंद, दिखा मिला जुला असर

सरना झंडा के अपनाम के विरोध में शनिवार 8 अप्रैल को विभिन्न आदिवासी संगठनों ने रांची बंद का आह्वान किया है। बंद का मिलजुला असर दिखा।

Ranchi Band: सरना झंडा अपमान पर आदिवासी संगठनों का रांची बंद, दिखा मिला जुला असर
Ranchi Band: सरना झंडा अपमान पर आदिवासी संगठनों का रांची बंद, दिखा मिला जुला असर

रांची, झारखंड


सरना झंडा के अपनाम के विरोध में शनिवार 8 अप्रैल को विभिन्न आदिवासी संगठनों ने रांची बंद का आह्वान किया है। बंद का मिलजुला असर दिखा। हलांकि आदिवासी विशेष कर सरना धर्मावलम्बी सुबह से ही सड़क पर उतर गये थे। बिरसा चौक से गुजरने वाले बाईपास पर बड़ी संख्या में आदिवासियों ने सड़क पर टायर जला कर पूरी तरह यातायात को बाधित कर दिया, जिसे कुछ घंटों पुलिसिया हस्तक्षेप के बाद नियमित कर दिया गया। राजधानी के करमटोली से बड़ी संख्या में आदिवासी मेन रोड की तरफ निकले, लेकिन उन्हें रास्ते में हिरासत में लेकर कैंप जेल भेज दिया गया। अलबर्ट एक्का चौक पर ऐहतियातन दुकानें बंद रही और कई स्कूलों ने भी छुट्टी की घोषणा कर दी थी। इसकी पूर्व संध्या पर संगठनों ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अलबर्ट एक्का चौक तक मशाल जुलुस निकाला था। बंद को देखते हुए शहर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गयी है। सिटी एसपी ने कहा कि शहर की स्थिति सामान्य है और बंद समर्थकों  उपद्रव करने से रोका जा रहा है। 

ग्रामीण इलाकों में असरदार

रांची बंद का ग्रामीण इलाकों में असर दिखायी पड़ रहा है। राजधानी से सटे सतरंजी साप्ताहिक बाजार को बंद समर्थकों ने बंद करवा दिया है। एडीएम लॉ एंड ऑर्डन ने बताया कि पूरे जिले में बंद से निपटने के लिए 1500 पुलिस बल तैनात किये गये हैं, वंही कई संवेदनशील इलाकों में धारा 144 लागू की गयी है। जहां जहां जाम किये गये थे, वहां अब स्थिति सामान्य कर दी गयी है। 

गिरफ्तारी की मांग

घटना लालपुर थाना क्षेत्र में घटी थी, जहां असामाजिक तत्वों ने सरना झंडा को हटाकर जला दिया था। इस घटना के विरोध में ही शनिवार को रांची बंद का आह्वान किया गया है। बंद समर्थकों ने कहा कि जबतक पुलिस दोषियों की गिरफ्तारी नहीं करती, तबतक आंदोलन चलता रहेगा और झारखंड जलता रहेगा का नारा भी लगाया गया। रांची के सिटी एसपी ने आश्वासन दिया है कि पुलिस कार्रवाई कर रही है और बहुत जल्द दोषियों की गिरफ्तारी कर ली जायेगी।