झारखंड में स्कूलों का समय बदला, विभाग ने जारी किये आदेश

केजी से पांचवीं क्लास तक की स्कूल 11 बजे और छठी से ऊपर की कक्षाएं 12 बजे तक ही खोल सकेंगे सभी स्कूल।

झारखंड में स्कूलों का समय बदला, विभाग ने जारी किये आदेश
रांची,
गर्मी और तपती धूप का असर अब स्कूलों पर पड़ने लगा है। झारखंड सरकार ने मौसम को ध्यान में रखते हुए स्कूल के समय में बदलाव किया है। नये समय सारणी के अनुसार राज्य में संचालित सभी कोटि के सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त / गैर सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) एवं निजी विद्यालयों में कक्षा KG से 05 तक की कक्षाएं सुबह 7.00 बजे से 11.00 बजे तक एवं कक्षा 06 से ऊपर की कक्षाएं सुबह 7.00 बजे से 12:00 बजे तक संचालित करने का निर्देश जारी किया गया है। जारी आदेश में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने कहा है कि राज्य में अत्यधिक गर्मी पड़ने एवं लू को ध्यान में रखते हुए इस अवधि में प्रार्थना सभा या खेलकूद एवं अन्य गतिविधियाँ धूप में संचालित नहीं की जाएगी, परन्तु मध्याह्न भोजन का संचालन जारी रहेगा। बच्चों की पढ़ाई में होनेवाली क्षति की भरपाई के संबंध में अलग से निर्णय लेते हुए स्कूल प्रबधन को सूचित किया जाएगा। यह आदेश दिनांक 19.04.2023 (बुधवार) से 25.04.2023 (मंगलवार) तक लागू रहेगा।
पारा 45 के पार, गोड्डा सबसे गर्म
झारखंड के कई हिस्सों में पारा 45 डिग्री के सीमा को पार कर चुका है। पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक उच्चतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस गोड्डा में दर्ज किया गया, जबकि सबसे न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सिलय गढ़वा में रहा। मौसम विभाग के अुनसार 20 तारीख के बाद थोड़ी राहत के संभावना है। मौसम केन्द्र रांची ने आम आदमी, पालतु जानवरों और किसानों के लिए खास निर्देश जारी किये हैं।